क्राइम रिपोर्टर ,सचिन सिंह चौहन
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में 34 वर्षीय फैशन डिजाइनर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवती ने मरने से पहले दो वीडियो बनाए, जिनमें उसने एक पुलिस सिपाही पर शोषण और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। युवती का कहना था कि उसने थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
पुलिस के अनुसार युवती पिछले चार साल से एक सिपाही के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और उससे शादी करना चाहती थी। शादी से इनकार किए जाने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।
4 साल से लिव-इन में रह रहे सिपाही पर शादी का दबाव, इनकार के बाद युवती ने फंदा लगाया; परिवार का आरोप– पुलिस सुनती तो बेटी जिंदा होती
मृतका कासगंज की रहने वाली थी और उसका पति से करीब छह साल पहले तलाक हो चुका था। इसके बाद वह आगरा में नौकरी करने लगी। इसी दौरान उसकी मुलाकात ताजगंज थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में तैनात सिपाही जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम से हुई।दोनों के बीच संबंध बढ़े और वे ताजगंज इलाके में एक फ्लैट में साथ रहने लगे। बताया जा रहा है कि युवती लगातार शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन सिपाही टालता रहा।
बहन के घर फंदे से लटकी मिली
बुधवार को युवती अपनी छोटी बहन के घर राजपुर चुंगी पहुंची थी। रात करीब 12:30 बजे बहन कमरे में गई तो युवती पंखे के कुंडे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वीडियो में लगाया गंभीर आरोप
आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में युवती रोते हुए कहती है कि उसने ताजगंज थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कहा कि मुकदमा करोगी तो तुम्हीं परेशान होगी।
वीडियो में उसने कहा कि सिपाही ने उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया और उसे लगातार प्रताड़ित किया। युवती ने यह भी कहा कि “मैं अपनी जान दे रही हूं, उम्मीद है मरने के बाद मुझे इंसाफ मिलेगा।”
परिजनों का आरोप
मृतका के परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर उसकी शिकायत दर्ज कर लेती तो आज उनकी बेटी जिंदा होती। परिवार ने आरोपी सिपाही के साथ उसके परिजनों पर भी कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी सिपाही गिरफ्तार
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने और शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है।
पिता सदमे में अस्पताल में भर्ती
बेटी की मौत से सदमे में आए पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस का बयान
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास का कहना है कि युवती थाने समझौते के लिए आई थी, एफआईआर दर्ज कराने नहीं। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।




