देशभर में बागपत का नाम रोशन करने पर अमन कुमार को राज्यमंत्री व जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
बागपत 24 जनवरी 2025 – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों से प्रदेश का सर्वोच्च युवा पुरस्कार, स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड प्राप्त कर जनपद बागपत को गौरवान्वित करने वाले ट्यौढी गांव निवासी अमन कुमार को जिला प्रशासन द्वारा विशिष्ट व्यक्तित्व सम्मान से अलंकृत किया गया। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट लोकमंच में आयोजित विशेष समारोह में संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी और जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने विवेकानंद यूथ अवॉर्डी अमन कुमार के उत्कृष्ट कार्यों एवं योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। प्रतिवर्ष उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जिले को गौरवान्वित करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को यह महत्वपूर्ण सम्मान प्रदान किया जाता है।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़े अमन कुमार ने अपने तकनीकी कौशल से स्थानीय प्रशासन के कार्यों में स्वैच्छिक सहभागिता देकर लाखों लोगों को लाभान्वित किया है और एक अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने सीईओ की नौकरी त्यागकर, स्वामी विवेकानंद से प्रेरित होकर, राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। उनके प्रयासों और सेवाओं को यूनिसेफ इंडिया समेत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा सराहा गया है।
अमन कुमार वर्तमान में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से समाज कार्य में अध्ययनरत हैं और विभिन्न सामाजिक, तकनीकी और शैक्षिक पहलों के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के विभिन्न संस्थानों के सदस्य हैं और समाज सेवा के क्षेत्र में अत्यधिक सक्रिय हैं। उनका यह सम्मान समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।