क्राइम रिपोर्टर,सचिन सिंह चौहान
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में थाना कमला नगर क्षेत्र में एक युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी और फिर शव को बोटी (बोरे) में भरकर स्कूटी से ले जाकर यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस अब नदी में शव की तलाश में जुटी हुई है।
विवाद के बाद छाती पर मारी लात
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि 25 अक्तूबर को पुलिस को सूचना मिली कि बल्केश्वर के लाल मस्जिद इलाके में बेटे ने पिता की हत्या कर दी है। इस पर पुलिस माैके पर पहुंची। लाल मस्जिद निवासी जूता कारीगर मनीष घर में मिला। उससे पिता भरत सिंह उर्फ पंडित (60) के बारे में पूछा गया, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया।

कहा कि पिता अक्सर बाहर रहते हैं। इसलिए उनकी जानकारी नहीं है। इस पर काॅलोनी में लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया। लोगों के भी बयान लिए। इसमें पता चला कि 24 अक्तूबर की रात तकरीबन 1:30 बजे मनीष स्कूटर लेकर घर से निकला था। उसके स्कूटर पर बोरा रखा था। वह वापस आया तो बोरा नहीं था। इससे पुलिस को शक हो गया।
मनीष से सख्ती से पूछताछ की गई। इसके अलावा भरत सिंह की बहन बेबी भी सामने आई। उन्होंने भतीजे पर भाई की हत्या का आरोप लगाया। सीसीटीवी फुटेज दिखाने पर मनीष ने सच बता दिया। पुलिस को बताया कि पिता 10 साल से घर नहीं आते थे। वह तंत्र-मंत्र करते थे। नशा भी करते थे। घर में आने पर झगड़ते थे। इससे सभी लोग परेशान थे। वह फुटपाथ पर ही सो जाते थे। घर में मां रानी और मनीष रहते थे। घटना वाली रात 1 बजे घर आए थे। उससे गालीगलाैज की। उसने रोकने का प्रयास किया। नहीं मानने पर उसे गुस्सा आ गया।

इसके बाद वह पिता के पीछे गया। वाटर वर्क्स स्थित गोशाला के पास पकड़ लिया। उन्हें घसीटकर घर से 100 मीटर दूर खाली प्लाॅट में ले गया। वहां तीन बार उनके सीने में और फिर गर्दन में भी लात मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद घर जाकर प्लास्टिक का बोरा लेकर आया। रात होने से घर के बाहर कोई नहीं था। इस कारण किसी को पता नहीं चला। बोरे में पिता का शव रखने के बाद स्कूटर पर ले गया। जवाहर पुल से यमुना में फेंक आया। उसे लग रहा था कि पकड़ा नहीं जाएगा। मगर पिता के बारे में कई लोगों को पता चल गया और वह पकड़ा गया।
स्कूटी से ले जाकर फेंका शव
पिता की हत्या के बाद बेटे मनीष ने शव को छिपाने की योजना बनाई। उसने शव को एक बोरे में भरा और अपनी स्कूटी पर रखकर यमुना नदी के किनारे ले गया। वहाँ उसने शव को यमुना में फेंक दिया और चुपचाप वापस घर आ गया।
हत्या की सूचना किसी ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। शनिवार सुबह पुलिस ने मनीष को हिरासत में लिया। उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने पिता की हत्या और शव को यमुना में फेंकने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को बरामद करने के लिए यमुना नदी में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
 
				 
								
 
				


