बागपत, 01 फरवरी 2026। केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत आम बजट 2026-27 की एक अहम विशेषता यह रही कि इसके निर्माण में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026 से जुड़े युवाओं के सुझावों को शामिल किया गया। सरकार ने इस पहल के माध्यम से युवाओं की भागीदारी को नीति निर्धारण से जोड़ने का प्रयास किया है, जिससे बजट को ‘विकसित भारत’ के दीर्घकालिक लक्ष्यों के अनुरूप तैयार किया जा सके।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 में उत्तर प्रदेश की टीम का नेतृत्व बागपत निवासी अमन कुमार ने किया था। अमन इस राष्ट्रीय मंच पर टीम यूपी के कैप्टन रहे और प्रदेश के युवाओं के विचारों और अपेक्षाओं को प्रस्तुत किया। संवाद के दौरान शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, डिजिटल अर्थव्यवस्था और नवाचार जैसे विषयों पर युवाओं ने अपने सुझाव रखे, जिनकी झलक बजट की प्राथमिकताओं में दिखाई देती है।
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए अमन कुमार ने कहा कि युवाओं के सुझावों को नीति निर्माण में स्थान दिया जाना सकारात्मक कदम है। उनके अनुसार शिक्षा से रोजगार तक की पूरी प्रक्रिया को मजबूत करने पर जोर दिया गया है, ताकि युवा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
बजट में एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स जैसे रचनात्मक क्षेत्रों के लिए कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित करने के प्रस्ताव को भी युवाओं के लिए अवसर के रूप में देखा जा रहा है। अमन कुमार का कहना है कि डिजिटल माध्यमों के विस्तार के साथ इन क्षेत्रों में रोजगार और उद्यमिता की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
इसके अलावा बजट में टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे बागपत जैसे जनपदों में शिक्षा, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और स्थानीय उद्योगों के विस्तार की संभावनाएं बन सकती हैं। छोटे शहरों में अवसर बढ़ने से महानगरों पर बढ़ते दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 के दौरान युवाओं से सीधे संवाद किया गया और उनके सुझावों को राष्ट्रीय स्तर पर साझा किया गया। उत्तर प्रदेश की टीम का नेतृत्व करते हुए अमन कुमार ने प्रदेश के लगभग 75 युवाओं की सफल अगुवाई की थी।




