Home » उत्तर प्रदेश » बागपत में 19 से 21 नवंबर तक होगा सांसद खेल महोत्सव, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे शुभारंभ

बागपत में 19 से 21 नवंबर तक होगा सांसद खेल महोत्सव, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे शुभारंभ

Picture of Baghpat

Baghpat

बागपत, 17 नवंबर 2025 – बड़ौत के जनता वैदिक डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में 19 से 21 नवंबर तक आयोजित हो रहे सांसद खेल महोत्सव 2025 को लेकर बागपत में तैयारियां जोरों पर है। सोमवार को सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कोर कमेटी सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। महोत्सव में अभी तक 4200 से अधिक ऑनलाइन पंजीकरण एवं लगभग 3000 ऑफलाइन पंजीकरण हो चुके है।
सांसद डॉ राजकुमार सांगवान ने कहा कि खेल महोत्सव का आयोजन इस भव्य स्तर पर हो कि हमारे जनपद के नए युवा भी खेलो से जुड़े तो वहीं जो खिलाड़ी है वह अपूर्व प्रेरणा पाए। कोर कमेटी बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करे और इस महोत्सव की गूंज प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाएं। सुनिश्चित करे कि इन खेलों का जो संदेश है वह फिट इंडिया और खेलो इंडिया की भावना को व्यापक स्तर पर पहुंचाए और खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर बागपत को स्थापित करें।
सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया करेंगे। कार्यक्रम में विद्यालयों द्वारा मार्च पोस्ट का आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभागों द्वारा स्टॉल्स का आयोजन, बागपत के युवाओं की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी, अतिथियों का युवाओं संग विशेष संवाद, फिट इंडिया एवं नशा मुक्त भारत शपथ, युवाओं को खेलकूद सामग्री का वितरण जैसी कई गतिविधियां शामिल रहेंगी।
सांसद ने कहा कि गांव-गांव से खिलाड़ी आगे आएं और खेल की भावना को अपनाएं। जनपद बागपत की पहचान यहां की युवा आबादी है जिसमें अपार खेल प्रतिभा है। इसी प्रतिभा को संगठित मंच देकर आगे लाना आवश्यक है ताकि पूरा प्रदेश और देश देखे कि बागपत खिलाड़ियों का जनपद है। उन्होंने आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा कर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सांसद ने दिव्यांग खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि खेल किसी भी तरह की शारीरिक सीमा को नहीं देखता, खेल मन और आत्मविश्वास की शक्ति है, इसलिए दिव्यांग खिलाड़ियों को भी सभी खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का समान अवसर दिया जाए। महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित की है। उन्हें सही मंच मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में सक्षम हैं। गांव गांव में गठित मंगल दलों, यूथ क्लब एवं एनसीसी, एनएसएस की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आयोजन के संबंध में तैयारियां जोरों पर है और सुव्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, प्रतिभागियों के पंजीकरण, प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व विनीत उपाध्याय ने कहा कि बेहतर टीम समन्वय सुनिश्चित कर आयोजन भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा। एसडीएम बड़ौत भावना सिंह ने मौके पर ही ईओ बड़ौत सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सांसद खेल महोत्सव 2025 का आयोजन 19 से 21 नवंबर तक बड़ौत स्थित जनता वैदिक डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में किया जाएगा। परियोजना निदेशक राहुल वर्मा ने बैठक में तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि कार्य तेज गति से चल रहे हैं और निर्धारित समय के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी। कोर कमेटी सदस्यों में विवेकानंद स्टेट यूथ अवॉर्डी अमन कुमार, रोहित धनकड़, विशाल राय, भूपेंद्र चौधरी, सोनू धनकड़, सुनील वशिष्ठ, विजय कुमार आदि ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
महोत्सव में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मुख्य खेल इस प्रकार होंगे: एथलेटिक्स, ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्सा-खींच और शूटिंग। सभी खेलों में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। महोत्सव में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 100 मीटर दौड़ और रस्सा-खींच प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। वहीं दिव्यांग खिलाड़ी सभी खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले सकेंगे।
Baghpat
Author: Baghpat

Poll

क्या आप हमारी खबरों से संतुष्ट हैं ?

Cricket Live

Rashifal

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स