क्राइम रिपोर्टर, सचिन सिंह चौहान
आगरा में गुरुवार सुबह ट्रकों के दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था, कि एक ट्रक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे इस ट्रक में सवार ड्राइवर और क्लीनर की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। आगरा-दिल्ली हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। खंदारी से सिकंदरा की ओर जाने वाले लेन पर लगभग 6 घंटे तक दो किमी के एरिया से वाहन रेंगकर निकले। इस जाम का असर ट्रांसपोर्ट नगर में भी दिखाई दिया। यहां की सभी सड़कों पर वाहन फंस गए।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार रात में एटा नंबर का ट्रक हाईवे पर खराब हो गया था। जिसके बाद बिना रिफ्लेक्टर आदि के लापरवाही से खराब ट्रक को ड्राइवर और क्लीनर ऐसे ही छोड़ कर चले गए। गुरुवार सुबह राजस्थान नंबर का ट्रेलर खंदारी की तरफ से आ रहा था। इसमें लोहे के गर्डर और सरिया भरे थे। ड्राइवर को आगे खड़ा ट्रक नहीं दिखा और ट्रक ईंटों से भरे ट्रक में घुस गया। एक्सीडेंट इतना भीषण था, कि पीछे वाले ट्रक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक में भरे गर्डर और सरिया केबिन में घुस गए।ट्रेलर की केबिन में मौजूद ड्राइवर, क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। घंटों तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी। दोपहर बाद क्लीनर की पहचान हो पाई। इसकी भीलवाड़ा निवासी कलुआ के रूप में हुई है। दूसरे की पहचान के लिए ट्रक का टूटा हुआ केबिन खंगाला जा रहा है। शायद उसमें ड्राइवर का ड्राइविंग लाइसेंस या आधार कार्ड मिल जाए।




