Home » उत्तर प्रदेश » गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की खुशी से गूंजा माय भारत केंद्र, युवाओं ने कहा- यह हमारी पीढ़ी की उपलब्धि

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की खुशी से गूंजा माय भारत केंद्र, युवाओं ने कहा- यह हमारी पीढ़ी की उपलब्धि

Picture of Baghpat

Baghpat

  • बागपत में नवागत जिला युवा अधिकारी ने संभाली कमान, गांव-गांव तक माय भारत पहुंचाने की बनी रणनीति

बागपत, 10 जून। नई दिल्ली में माय भारत द्वारा स्थापित किए गए Guinness World Records™ की उपलब्धि का उत्साह अब जनपद बागपत के युवाओं में भी देखने को मिल रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई माय भारत केंद्र बागपत में आयोजित परिचय एवं संवाद बैठक में यह उपलब्धि चर्चा का प्रमुख विषय रही। नवागत जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने स्वयंसेवकों, यूथ क्लब प्रतिनिधियों और युवा नेतृत्वकर्ताओं के साथ पहली औपचारिक बैठक की, जहां एक ओर जिले में माय भारत की आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ तो वहीं दूसरी ओर युवाओं ने माय भारत के विश्व कीर्तिमान पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे देश की युवा शक्ति की सामूहिक सफलता बताया।

बैठक की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिसमें जिले के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से जुड़े स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए। युवा कार्यक्रमों, स्वयंसेवा गतिविधियों और नेतृत्व विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के बीच जब हाल ही में स्थापित हुए माय भारत के गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का उल्लेख हुआ तो बैठक का माहौल उत्साह से भर उठा। उपस्थित युवाओं ने तालियां बजाकर इस उपलब्धि का स्वागत किया।

नवागत जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने कहा कि माय भारत आज युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। बैठक के दौरान विशेष रूप से नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में आयोजित उस राष्ट्रीय समारोह की चर्चा भी हुई, जिसमें माय भारत को Guinness World Records™ का आधिकारिक प्रमाणपत्र प्रदान किया गया था। इस समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा निखिल खड़से, युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और देशभर से चुने गए युवा नेतृत्वकर्ता मौजूद रहे थे।

युवाओं के लिए यह चर्चा इसलिए भी विशेष रही क्योंकि उस राष्ट्रीय समारोह में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व बागपत के युवा आइकॉन और माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार ने किया था। अमन उन चुनिंदा युवा नेतृत्वकर्ताओं में शामिल रहे जिन्हें विशेष आमंत्रण पर समारोह में बुलाया गया था। बैठक में उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे देशभर के युवाओं की भागीदारी ने एक विश्व कीर्तिमान को जन्म दिया और कैसे केंद्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि को देश की युवा शक्ति को समर्पित किया।

अमन कुमार ने कहा कि माय भारत का सबसे बड़ा योगदान यह है कि इसने गांवों और छोटे कस्बों के युवाओं को भी राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचने का अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के दौरान उन्हें Team Uttar Pradesh के Group Captain के रूप में प्रदेश के 75 जनपदों के युवाओं का नेतृत्व करने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के समक्ष युवाओं के विचार प्रस्तुत करना उनके लिए जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव रहा।

उन्होंने कहा कि माय भारत केवल कार्यक्रमों का मंच नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने वाला आंदोलन बन चुका है। यही कारण है कि देशभर के लाखों युवा इससे जुड़कर स्वयंसेवा, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

बैठक में जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा ने जिले की आगामी कार्ययोजना का भी खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि माय भारत की पहुंच को गांव-गांव तक ले जाने के उद्देश्य से “युवा मंडल विकास अभियान” शुरू किया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में विभिन्न विकास खंडों के गांवों में जाकर युवाओं से संवाद स्थापित किया जाएगा और उन्हें माय भारत प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। साथ ही नए यूथ क्लबों का गठन कर स्थानीय स्तर पर नेतृत्व विकास और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बागपत में बड़ी संख्या में ऐसे युवा हैं जिनमें नेतृत्व क्षमता है, लेकिन उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। माय भारत के माध्यम से इन युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, सामाजिक नवाचार और राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उनका लक्ष्य है कि आने वाले समय में जिले का प्रत्येक गांव किसी न किसी सक्रिय युवा मंडल और माय भारत गतिविधि से जुड़ा हो।

बैठक का एक भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब माय भारत से जुड़े स्वयंसेवक अमीर खान के भारतीय सेना में चयन की सूचना साझा की गई। जैसे ही यह घोषणा हुई, उपस्थित युवाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। स्वयंसेवकों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

युवाओं ने एक स्वर में कहा कि अमीर खान का सफर इस बात का उदाहरण है कि स्वयंसेवा, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण युवाओं को बड़े लक्ष्यों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा से राष्ट्र सेवा तक की यह यात्रा जिले के अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगी। कई स्वयंसेवकों ने इसे माय भारत परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।

युवाओं ने यह भी संकल्प लिया कि वे विकसित भारत मिशन को गांव-गांव तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बैठक के अंत में युवाओं ने माय भारत के गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की उपलब्धि पर एक-दूसरे को बधाई दी और इसे देश के करोड़ों युवाओं की सामूहिक उपलब्धि बताया। युवाओं ने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार माय भारत ने विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, उसी प्रकार बागपत के युवा भी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित करेंगे।

इस अवसर पर सुषमा त्यागी, नीतीश भारद्वाज, प्रिया, आसिफ, दानिश, शिवम, गुलफसा, शादाब अली, पंकज, हारून, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवक एवं यूथ क्लब प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Baghpat
Author: Baghpat

Poll

क्या आप हमारी खबरों से संतुष्ट हैं ?

Cricket Live

Rashifal

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स