बागपत। जिले में विद्यालयी शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी अब वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. सत्यवीर सिंह संभालेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार यादव ने उन्हें समग्र शिक्षा (माध्यमिक) का प्रभारी जिला समन्वयक नियुक्त किया है। 
समग्र शिक्षा अभियान केंद्र और राज्य सरकार की वह प्रमुख योजना है जिसके माध्यम से माध्यमिक विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, स्मार्ट कक्षाओं, डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, बालिका शिक्षा और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए संचालित कार्यक्रमों की निगरानी की जाती है। जिले में इन सभी गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी जिला समन्वयक कार्यालय पर होती है। श्री नेहरू इंटर कॉलेज, पिलाना के प्रधानाचार्य डॉ. सत्यवीर सिंह लंबे समय से शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों के संचालन का अनुभव रखते हैं। उनके अनुभव का लाभ जिले में संचालित समग्र शिक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मिलेगा।
वर्तमान समय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यालयों में नवाचार आधारित शिक्षण, तकनीक के उपयोग और सीखने के स्तर में सुधार पर विशेष बल दिया जा रहा है। ऐसे में समग्र शिक्षा की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। विभागीय आदेश के अनुसार डॉ. सत्यवीर सिंह अपने वर्तमान पद के साथ-साथ जिला समन्वयक कार्यालय के दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे। जिले के विद्यालयों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनके सामने प्रमुख चुनौती और अवसर दोनों होगा।


