Home » युवा / Youth » MY Bharat के विश्व रिकॉर्ड समारोह में जब दिखे बागपत के अमन, गर्व से भर उठा यूपी

MY Bharat के विश्व रिकॉर्ड समारोह में जब दिखे बागपत के अमन, गर्व से भर उठा यूपी

Picture of Baghpat

Baghpat

नई दिल्ली: श्रम शक्ति भवन में आयोजित MY Bharat के Guinness World Records™ समारोह में उस समय उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बन गया, जब देशभर के चुनिंदा MY Bharat यूथ चैंपियन के बीच बागपत के युवा आइकॉन अमन कुमार की मौजूदगी नजर आई। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देशभर के टॉप युवा नेतृत्वकर्ताओं के साथ MY Bharat का यह ऐतिहासिक विश्व कीर्तिमान साझा किया, जिसमें उत्तर प्रदेश से अमन कुमार विशेष आमंत्रण पर शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किए गए MY Bharat प्लेटफॉर्म ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 की राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में रिकॉर्ड भागीदारी के साथ Guinness World Records™ में अपना नाम दर्ज कराया। “एक सप्ताह में ऑनलाइन क्विज़ में सबसे अधिक लोगों की भागीदारी” का यह विश्व रिकॉर्ड देशभर के युवाओं की बढ़ती सहभागिता और विकसित भारत मिशन के प्रति उनके उत्साह का प्रतीक है।

MY Bharat के Guinness World Records™ समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के साथ विश्व कीर्तिमान साझा करते देशभर के युवा नेतृत्वकर्ता। उत्तर प्रदेश से बागपत के अमन कुमार भी रहे मौजूद।

 

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स टीम से ऋषिनाथ ने विशेष समारोह में MY Bharat को आधिकारिक प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खड़से, युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि और उत्कृष्ट युवा स्वयंसेवक मौजूद रहे।

कैसे बना MY Bharat का यह विश्व रिकॉर्ड

MY Bharat पोर्टल के माध्यम से आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान में देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से लाखों युवाओं ने भाग लिया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार 25 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 के बीच आयोजित आधिकारिक मूल्यांकन अवधि में MY Bharat प्लेटफॉर्म पर 8.39 लाख से अधिक क्विज सहभागिताएं दर्ज की गईं। स्वतंत्र डिजिटल फोरेंसिक ऑडिट, डेटा सत्यापन और तकनीकी जांच के बाद 3,90,812 योग्य प्रतिभागियों को प्रमाणित किया गया, जिसके आधार पर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित हुआ।

समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति बताते हुए यह उपलब्धि देशभर के MY Bharat से जुड़े युवाओं को समर्पित की। उन्होंने कहा कि MY Bharat आज युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है। मंत्री ने यह भी बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के दौरान युवाओं द्वारा दिए गए कई सुझावों को केंद्रीय बजट 2026 में भी शामिल किया गया।

MY Bharat के राष्ट्रीय समारोह में उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व करते बागपत के अमन कुमार। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में Team Uttar Pradesh के Group Captain रह चुके हैं अमन।

 

खास बात यह रही कि देशभर से आमंत्रित किए गए चुनिंदा 10 MY Bharat यूथ चैंपियन में बागपत के अमन कुमार भी शामिल रहे। पिछले कई वर्षों से गांव स्तर पर युवाओं को अवसर, नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें यह विशेष पहचान मिली। राष्ट्रीय मंच पर अमन कुमार की मौजूदगी को उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति की मजबूत पहचान के रूप में देखा गया।

अमन वही युवा हैं जिन्होंने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में Team Uttar Pradesh के Group Captain के रूप में प्रदेश के 75 जनपदों से आए युवाओं का राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के समक्ष टीम यूपी की अगुवाई कर उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की युवा शक्ति की प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई थी।

MY Bharat से मिली नई दिशा

बागपत के गांव ट्यौढ़ी निवासी अमन कुमार की कहानी संघर्ष और जागरूकता से बदलाव की कहानी है। आर्थिक तंगी के बीच उन्होंने बचपन में गांव-गांव साइकिल पर अखबार बेचने का कार्य किया। अखबार पढ़ते-पढ़ते उन्हें छात्रवृत्ति, प्रतियोगिता, युवा कार्यक्रम और अवसरों की दुनिया के बारे में जानकारी मिली। यहीं से उनके भीतर यह सोच विकसित हुई कि जानकारी के अभाव में गांवों का कोई युवा पीछे नहीं रहना चाहिए।

इसी सोच के साथ उन्होंने “कोई युवा पीछे न छूटे” मिशन पर काम शुरू किया। MY Bharat से जुड़ने के बाद उनके प्रयासों को नई दिशा मिली और गांव स्तर पर शुरू हुई उनकी यात्रा राष्ट्रीय मंचों तक पहुंच गई। वर्तमान में वह MY Bharat से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष हैं और लगातार युवाओं को विकसित भारत मिशन से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

राष्ट्रीय मंच पर अमन कुमार की मौजूदगी को इसलिए भी खास माना गया क्योंकि उनकी पूरी यात्रा जमीनी स्तर पर युवाओं के साथ काम करते हुए आगे बढ़ी है। सीमित संसाधनों के बावजूद गांव स्तर से शुरू हुए उनके प्रयास आज लाखों युवाओं तक पहुंच चुके हैं।

Baghpat
Author: Baghpat

Poll

क्या आप हमारी खबरों से संतुष्ट हैं ?

Cricket Live

Rashifal

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स